कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 05 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई में कोरबा और रायगढ़ जिले में हुई वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी गौरव नायक (20 वर्ष), निवासी मुड़ापार, कोरबा को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी कौवा उर्फ फैजान पहले से एक अन्य मारपीट के मामले में जिला जेल कोरबा में निरुद्ध है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। मौका देखकर हैंडल लॉक तोड़कर अथवा मास्टर चाबी की मदद से वाहन चालू कर चोरी कर लेते थे। पूछताछ में आरोपी गौरव नायक ने अपने साथी के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने मानिकपुर क्षेत्र से 01, कोतवाली क्षेत्र से 02, उरगा थाना क्षेत्र से 01 तथा रायगढ़ के कोतवाली क्षेत्र से 01 मोटरसाइकिल बरामद की है। इस तरह कुल पांच चोरी के वाहनों का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस द्वारा चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित साथियों के संबंध में पूछताछ करते हुए मामले की विवेचना जारी है।








