कोरबा। बजाज फाइनेंस कंपनी से जुड़े एजेंट शशांक सिंह, जो रिटायर्ड कर्मी विपिन सिंह के पुत्र बताए जा रहे हैं, के खिलाफ धोखाधड़ी और लोन क्लोज कराने के नाम पर रकम लेने के अलग-अलग आरोप सामने आए हैं। दो से अधिक शिकायतों में शशांक सिंह पर लोन से संबंधित रकम अपने कब्जे में लेने और बाद में लोन क्लोज नहीं कराने के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों को आवेदन देकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि शशांक सिंह ने बजाज फाइनेंस कंपनी से जुड़े होने और अधिकृत कर्मचारी/एजेंट होने का भरोसा दिलाकर लोगों से लोन संबंधी रकम ली।
पहले मामले में सीमा टोप्पो ने आरोप लगाया कि शशांक सिंह ने उन्हें करीब ₹3.06 लाख का लोन दिलाया। लोन की राशि खाते में आने के बाद फोरक्लोज कराने के नाम पर शशांक ने रकम अपने Google Pay नंबर पर ट्रांसफर कराई। इसके बावजूद लोन बंद नहीं हुआ और सीमा को लगातार EMI चुकानी पड़ी।
दूसरे मामले में संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि करीब ₹5.49 लाख के लोन को फोरक्लोज कराने के नाम पर शशांक सिंह ने उनसे कुल करीब ₹5 लाख लिए, जिसमें चेक और नकद रकम शामिल है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी लोन फोरक्लोज नहीं कराया गया।
वहीं, अतुल सिंह की शिकायत में मोबाइल फाइनेंस से जुड़े मामले में भी शशांक सिंह पर धोखाधड़ी और मोबाइल गिरवी रखने के आरोप लगाए गए हैं।
एक ही एजेंट पर सामने आईं कई शिकायतें
अलग-अलग शिकायतों में शशांक सिंह पर लोन फोरक्लोज कराने के नाम पर रकम लेने, कंपनी से जुड़े होने का भरोसा दिलाने और रकम लेने के बाद लोन बंद नहीं कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, ये सभी आरोप शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।







