कोरबा। शहर के पोखरीपारा इमली डुग्गू क्षेत्र में चोरी की नीयत से एक युवक के घर में घुसने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार देर रात घर में सभी लोग सो रहे थे, तभी संदिग्ध गतिविधि की आहट होने पर परिजनों की नींद खुल गई। घरवालों ने तलाश की तो युवक चारपाई के नीचे छिपा हुआ मिला। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसे पकड़ लिया और पूरी रात निगरानी में रखा। सुबह होते ही घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को अपने साथ ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक अकेला था या किसी गिरोह के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने आया था। क्षेत्र में घटना के बाद लोगों में सतर्कता बढ़ गई है।







